
नई दिल्ली से अमृतसर जा रही शताब्दी एक्सप्रेस (12013) पर कुछ शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। इस घटना में ट्रेन के कई कोचों के शीशे टूट गए। गनीमत रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई।
जालंधर के कारोबारी भारत कुमार काकड़िया ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ एग्जीक्यूटिव कोच ई-2 में सीट नंबर 37 और 38 पर सफर कर रहे थे। ट्रेन शाम 4:30 बजे नई दिल्ली स्टेशन से रवाना हुई। करीब 4:55 बजे अचानक खिड़की के शीशे पर तेज धमाका हुआ और शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
रेलवे स्टाफ के अनुसार ई-2 के अलावा चेयरकार कोच सी-1, सी-10 और सी-12 की खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद रेलवे पुलिस और टीटीई स्टाफ ने स्थिति संभाली। रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।








