पंजाब सरकार ने महिलाओं से किए गए चुनावी वादे को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 18 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में पहली किस्त की राशि ट्रांसफर करनी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को अपने गृह जिले संगरूर के धूरी से योजना की शुरुआत की।
सरकार के अनुसार, इस चरण में करीब 1100 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं के खातों में 3,000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की पात्र महिलाओं के खातों में 4,500 रुपये भेजे गए हैं। यह राशि तीन महीने की किस्त के रूप में एकमुश्त ट्रांसफर की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन महिलाओं का पंजीकरण पूरा हो चुका है, उनके मोबाइल पर जल्द ही बैंक खाते में राशि जमा होने का संदेश (SMS) प्राप्त होगा। सरकार के मुताबिक अब तक करीब 40 लाख महिलाओं का पंजीकरण किया जा चुका है।
2022 के चुनावी वादे को किया लागू
आम आदमी पार्टी ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान वादा किया था कि सरकार बनने पर पंजाब की 18 वर्ष से अधिक आयु की प्रत्येक पात्र महिला को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। अब सरकार ने इस योजना के तहत पहली किस्त जारी कर दी है।
सरकार ने इस योजना के लिए वर्ष 2026-27 के बजट में लगभग 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। आने वाले समय में पात्र लाभार्थियों के खातों में नियमित रूप से राशि भेजी जाएगी।










