पंजाब के बटाला में पुलिस और अमन अंडा गैंग के एक आरोपी के बीच मुठभेड़ होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, हथियार बरामद कराने के लिए ले जाए जा रहे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसपी बटाला रमनदीप सिंह ने बताया कि सिविल लाइंस थाना पुलिस ने एक दिन पहले मलकीत सिंह उर्फ बिल्ला चिचड़ को गिरफ्तार किया था। वह फायरिंग और जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) के कई मामलों में वांछित था। पुलिस के अनुसार, अब तक फायरिंग की विभिन्न घटनाओं में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अलीवाल नहर के पास अपना हथियार छिपा रखा है। इसके बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर गई। पुलिस का दावा है कि वहां पहुंचते ही आरोपी ने छिपे हुए हथियार से पुलिस पार्टी पर तीन राउंड फायरिंग कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में जवानों ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो राउंड चलाए गए। इनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल आरोपी को तुरंत काबू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
एसपी रमनदीप सिंह ने बताया कि मलकीत सिंह उर्फ बिल्ला चिचड़ के खिलाफ कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें पांच मामले एक्सटॉर्शन से जुड़े हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह अमन अंडा गैंग के लिए काम करता था और गैंग के निर्देश पर व्यापारियों से फिरौती मांगने के साथ-साथ पैसे नहीं मिलने पर कारोबारी प्रतिष्ठानों पर फायरिंग कर दहशत फैलाता था।
पुलिस के अनुसार, बटाला शहर में एक कपड़ा व्यापारी के शोरूम, फैशन लंदन और राइफल रेस्टोरेंट सहित कई स्थानों पर हुई फायरिंग की घटनाओं की जांच में भी इसी गैंग की संलिप्तता सामने आई है। इन मामलों में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश और मामले की जांच जारी है।










