श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और जनभागीदारी वाला बनाने की दिशा में पंजाब सरकार ने एक बड़ा अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को 50 अत्याधुनिक मोबाइल डॉक्यूमेंट्री वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो पूरे पंजाब में गांव-गांव जाकर श्री गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और सामाजिक समानता के संदेश को लोगों तक पहुंचाएंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह विशेष अभियान पंजाब के सभी 23 जिलों के करीब 13 हजार गांवों को कवर करेगा। प्रत्येक वैन में 12×8 फुट की एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर श्री गुरु रविदास जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य विशेषकर युवा पीढ़ी को गुरु जी के विचारों और मानव समानता के संदेश से जोड़ना है।
650वें प्रकाश पर्व पर 100 करोड़ रुपये खर्च करेगी सरकार
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को पूरे सम्मान और भव्यता के साथ मनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए राज्य सरकार ने 100 करोड़ रुपये का विशेष बजट निर्धारित किया है, जिसके तहत वर्षभर विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं केवल किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनका संदेश आज भी सामाजिक समानता, भाईचारे और भेदभाव-मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन करता है।
‘यह मेरे लिए सौभाग्य की बात’
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है कि उन्हें पहले श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस और अब श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व मनाने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गुरु जी के संदेश को केवल राज्य तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसे देश और दुनिया तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
हर गांव में दिखाई जाएगी विशेष डॉक्यूमेंट्री
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रत्येक मोबाइल वैन आधुनिक एलईडी स्क्रीन और ऑडियो-वीडियो सिस्टम से लैस है। ये वैन गांव-गांव जाकर लोगों को श्री गुरु रविदास जी के जीवन, संघर्ष, आध्यात्मिक दर्शन और सामाजिक सुधारों से परिचित कराएंगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान विशेष रूप से युवाओं को गुरु जी की शिक्षाओं से जोड़ने का माध्यम बनेगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय के मूल्यों को अपनाकर बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दे सकें।
समानता और सामाजिक न्याय का संदेश
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज ने अपना संपूर्ण जीवन जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करते हुए समाज को समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। पंजाब सरकार उनकी इसी विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह और तरुणप्रीत सिंह सौंद सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।










