जालंधर। शहर के एक रिहायशी इलाके में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब चार संदिग्ध युवक कॉलोनी की गलियों में घूमते हुए दिखाई दिए। मामला जालंधर की राजा गार्डन कॉलोनी का बताया जा रहा है, जहां हथियारबंद युवकों की गतिविधियां इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात चार युवक संदिग्ध परिस्थितियों में कॉलोनी की गली में घूम रहे थे। स्थानीय लोगों का दावा है कि युवकों में से एक के हाथ में रिवॉल्वर जैसी वस्तु दिखाई दे रही थी। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक एक घर के बाहर पहुंचकर डोरबेल बजाता नजर आ रहा है। हालांकि जब घर से कोई बाहर नहीं निकला तो सभी युवक वहां से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके के लोगों में भय और चिंता का माहौल बन गया। स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। लोगों का कहना है कि यह भी संभव है कि आरोपी किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाने की नीयत से इलाके में आए हों।
रिहायशी क्षेत्र में खुलेआम हथियार लेकर घूमते युवकों की मौजूदगी ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।








