पंजाब के बठिंडा स्थित मिनी सचिवालय परिसर की बाहरी दीवारों पर देर रात अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा आपत्तिजनक और भड़काऊ नारे लिखे जाने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी नारों को मिटवा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
सुबह लोगों की नजर पड़ते ही प्रशासन हरकत में आया
जानकारी के अनुसार, एसएसपी कार्यालय और डीसी निवास के समीप स्थित मिनी सचिवालय की बाहरी दीवारों पर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों ने आपत्तिजनक नारे लिख दिए। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने दीवारों पर लिखे गए नारे देखे और इसकी सूचना प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसी भी प्रकार के सामाजिक तनाव या विवाद की आशंका को देखते हुए संबंधित स्थानों पर लिखे गए नारों को तुरंत हटवा दिया। दीवारों पर पहले कालिख पोती गई और बाद में दोबारा रंग करवाकर उन्हें पूरी तरह साफ कर दिया गया।
चार स्थानों पर लिखे गए थे नारे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिनी सचिवालय के गेट नंबर-4 से आगे करीब चार अलग-अलग स्थानों पर दीवारों पर नारे लिखे गए थे। घटना देर रात होने और अवकाश के कारण परिसर में कम आवाजाही रहने से इसकी जानकारी सुबह होने पर मिली।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद संवेदनशील सरकारी परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएसपी कार्यालय, डीसी निवास और मिनी सचिवालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी स्थलों के आसपास रात के समय सुरक्षा गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि नारे लिखने वाले अज्ञात लोगों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।










