पंजाब के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गोल्ड स्मगलिंग के एक बड़े प्रयास को सुरक्षा एजेंसियों ने विफल कर दिया। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने शारजाह से अमृतसर पहुंचे एक यात्री को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से करीब 22 लाख रुपये मूल्य का सोना बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी यात्री फ्लाइट संख्या 6E1428 से शारजाह से अमृतसर पहुंचा था। एयरपोर्ट पर उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर DRI और कस्टम अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ की। इसके बाद एक्स-रे स्कैनिंग और विस्तृत व्यक्तिगत तलाशी ली गई।
जांच के दौरान यात्री के पास से पेस्ट के रूप में छिपाकर रखा गया 174 ग्राम (ग्रॉस वेट) सोना बरामद हुआ। रिफाइनिंग के बाद इसका शुद्ध वजन 150.04 ग्राम निकला। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 22,05,588 रुपये बताई गई है।
अधिकारियों ने बरामद सोने को जब्त कर लिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या इस तस्करी के पीछे कोई अंतरराष्ट्रीय या संगठित गिरोह सक्रिय है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। अमृतसर एयरपोर्ट पर हाल के समय में गोल्ड स्मगलिंग के मामलों में वृद्धि के बीच सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बढ़ाए हुए हैं।











