पंजाब पुलिस ने विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर सोनू खत्री के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश और नशा तस्करी से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। नवांशहर की CIA स्टाफ पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 किलो 12 ग्राम हेरोइन, एक देसी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) तुषार गुप्ता ने बताया कि पहली कार्रवाई में CIA इंचार्ज इंस्पेक्टर नीरज चौधरी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बघौरा नहर के पास नाकाबंदी कर मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों मंदीप कुमार उर्फ मनी और रितिक लील उर्फ अभी को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उनके पास से 30 बोर की देसी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि उन्हें विदेश में बैठे गैंगस्टर सोनू खत्री के इशारे पर हत्या की वारदात को अंजाम देने का जिम्मा सौंपा गया था। यह जिम्मेदारी उसके सहयोगी प्रणव सहिगल और सर्वजीत ने दी थी, जो हाल ही में विदेश फरार हुए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मंदीप के खिलाफ पहले से 9 जबकि रितिक के खिलाफ 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दूसरी कार्रवाई में 2 किलो से ज्यादा हेरोइन बरामद
दूसरे मामले में पुलिस ने सनावा नहर पुल के पास से सनप्रीत सिंह उर्फ संधू और अरमान सूंढ उर्फ मानी को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 2 किलो 12 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जांच में सामने आया कि यह खेप भी सोनू खत्री के नेटवर्क के जरिए भेजी गई थी। अरमान के खिलाफ भी पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है।
विदेश में बैठे आरोपियों पर भी होगी कार्रवाई
एसएसपी तुषार गुप्ता ने बताया कि दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें से चार गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि दो आरोपी विदेश में छिपे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि विदेश में मौजूद आरोपियों की संपत्तियां जब्त करने, उन्हें भगोड़ा घोषित कराने, लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने और भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यदि जांच के दौरान किसी रिश्तेदार या अन्य व्यक्ति की आर्थिक या अन्य प्रकार की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल अदालत ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इसके अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।











