पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की मशहूर सिंगर Sunanda Sharma एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। इस बार उनके नए गाने ‘Jogi’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जानकारी के अनुसार कॉपीराइट और कथित फर्जी दस्तावेजों की शिकायत के बाद इस गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है।
बताया जा रहा है कि सुनंदा शर्मा ने इस गाने को अपने खुद के म्यूजिक लेबल के तहत रिलीज किया था। रिलीज के बाद गाने को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और यूट्यूब पर इसे करीब 1.8 मिलियन व्यूज भी हासिल हो चुके थे। हालांकि अचानक गाने के हटने से फैंस हैरान रह गए।
इस पूरे मामले पर सुनंदा शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ‘Jogi’ गाने को सभी वैध एग्रीमेंट्स और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही रिलीज किया गया था। सिंगर ने दावा किया कि कुछ लोगों ने नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर यूट्यूब पर शिकायत दर्ज करवाई, जिसके चलते गाने को हटाया गया।
सुनंदा शर्मा ने अपने फैंस को भरोसा दिलाया कि यह गाना जल्द ही फिर से यूट्यूब पर उपलब्ध होगा। उन्होंने गाने को मिले प्यार और समर्थन के लिए अपने चाहने वालों का धन्यवाद भी किया।
फिलहाल इस विवाद को लेकर पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और फैंस गाने के दोबारा रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं।








