
पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेना से फरार राजबीर सिंह उर्फ ‘फौजी’ और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने एक हैंड ग्रेनेड और 500 ग्राम हेरोइन बरामद की है। सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह कार्रवाई इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि राजबीर सिंह एक जासूसी मामले में भी लंबे समय से वांछित था।
जानकारी साझा करते हुए गौरव यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस की SSOC टीम, एस.ए.एस. नगर ने सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी से जुड़े एक संगठित नेटवर्क पर कार्रवाई की है। जांच में सामने आया कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय तस्करी रैकेट से जुड़ा हुआ था और आतंकवादी वित्तीय लेन-देन के जरिए अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।
डीजीपी के अनुसार राजबीर सिंह इस वर्ष की शुरुआत में अमृतसर देहाती के थाना घरिंडा में दर्ज जासूसी केस में भी वांछित है। इसके अलावा, जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि वह हरियाणा के सिरसा स्थित महिला थाने पर हुए ग्रेनेड हमले की साजिश में शामिल था। आरोप है कि उसने न केवल हैंड ग्रेनेड की सप्लाई की, बल्कि हमले के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लिंक पर भी तेजी से कार्रवाई की जा रही है।








