जालंधर जिले के गांव संगवाल स्थित श्री गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब में कथित बेअदबी की घटना सामने आने के बाद इलाके में तनाव और रोष का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गुरुद्वारा साहिब में एक महिला के प्रवेश करने और गुटका साहिब के अंग फाड़ने का आरोप लगाया गया है। घटना के समय गुरुद्वारा परिसर में बच्चे पाठ कर रहे थे। महिला की कथित हरकत देखकर बच्चे घबराकर बाहर निकल गए।
गांव की सरपंच प्रवीण कुमारी ने बताया कि महिला अचानक शोर मचाते हुए गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हुई और वहां हंगामा करने लगी। घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण और गुरुद्वारा प्रबंधक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हेड ग्रंथी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर महिला को हिरासत में ले लिया।
महिला की मानसिक स्थिति को लेकर भी चर्चा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला की पहचान राधिका के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य प्रतीत नहीं हो रही थी। ग्रामीणों के मुताबिक घटना से पहले वह गांव की गलियों में घूम रही थी और असामान्य व्यवहार कर रही थी।
सरपंच प्रवीण कुमारी ने बताया कि महिला पहले एक घर में गई और बाद में गुरुद्वारा साहिब पहुंच गई। घटना के बाद कुछ ग्रामीणों ने नाराजगी भी जताई। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखा जा रहा है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गुरुद्वारा साहिब और आसपास के क्षेत्र की CCTV फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। फुटेज के आधार पर घटना के क्रम और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि संगवाल गांव से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
हेड ग्रंथी ने दी शिकायत
हेड ग्रंथी कमलजीत लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोजाना की तरह गुरुद्वारा साहिब में सेवा और पाठ कर रहे थे। इसी दौरान कुछ समय के लिए बाहर जाने पर उक्त महिला परिसर में पहुंची। बाद में कथित बेअदबी की जानकारी सामने आई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









