
अमृतसर में खालिस्तानी नारे लिखने के आरोप में गिरफ्तार जश्नप्रीत सिंह पुलिस फायरिंग में घायल हो गया। पुलिस उसे छिपाए गए हथियार की बरामदगी के लिए एयरपोर्ट रोड पर लेकर गई थी, जहां आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी।
अमृतसर जिले में मंदिर और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खालिस्तानी नारे लिखने वाले आरोपी जश्नप्रीत सिंह को सोमवार को पुलिस छिपाए गए हथियार की बरामदगी के लिए एयरपोर्ट रोड पर लेकर गई। मौके पर पहुंचते ही आरोपी ने छिपाए गए हथियार को निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
थाना प्रभारी ने सेल्फ-डिफेंस में पहले हवाई फायर किया और फिर सीधी गोली चलाई, जो आरोपी की टांग पर लगी। जश्नप्रीत सिंह घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
🔍 आरोपी का पृष्ठभूमि
जश्नप्रीत सिंह पर आरोप है कि उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर, “सिख्स फॉर जस्टिस” के प्रमुख और आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के इशारे पर, अमृतसर के कई स्थानों पर खालिस्तानी नारे लिखे थे। इस मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने दोनों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामदगी की कार्रवाई की जा रही थी। फिलहाल पुलिस ने फायरिंग और अवैध हथियार रखने के मामले में नया केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।









