
पंजाब के तरनतारन जिले के गांव बाकिपुर में दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय राणा सिंह निवासी गांव सुरसिंघ के रूप में हुई है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामला लड़की से छेड़छाड़ को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच पहले भी तनाव बना हुआ था और कुछ समय पहले समझौता भी हुआ था। इसके बावजूद पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने युवक पर गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही थाना सदर तरनतारन की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की जांच डीएसपी अतुल सोनी की निगरानी में की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।









