पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान के तहत बठिंडा में जिला प्रशासन और पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित नशा तस्कर की अवैध रूप से बनाई गई इमारत को बुलडोजर से गिरा दिया। प्रशासन का कहना है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
डिप्टी कमिश्नर के आदेश के बाद चला बुलडोजर
पुलिस के अनुसार, थाना सिविल लाइन क्षेत्र के कच्चा धोबियाना निवासी नशा तस्करी के आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी द्वारा बनाई गई अवैध इमारत को सक्षम प्राधिकारी एवं डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
बार-बार नोटिस के बावजूद नहीं हटाया अवैध निर्माण
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को अवैध निर्माण हटाने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उसने आदेशों का पालन नहीं किया। लगातार चेतावनी के बावजूद निर्माण न हटाने पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई का फैसला लिया।
18 अवैध इमारतें पहले ही हो चुकी हैं ध्वस्त
एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार के निर्देशों पर चल रहे विशेष अभियान के तहत बठिंडा जिले में अब तक 18 अवैध इमारतों को गिराया जा चुका है। यह अभियान नशा तस्करी और अवैध संपत्तियों के खिलाफ लगातार जारी है।
2,703 केस दर्ज, 3,889 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 1 मार्च 2025 से अब तक एनडीपीएस एक्ट और अन्य मामलों में 2,703 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 3,889 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 103 बड़े नशा तस्कर भी शामिल हैं।
14 करोड़ से अधिक की संपत्ति पर कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक नशा तस्करी से जुड़े 89 आरोपियों की करीब 14.34 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।










