चंडीगढ़: पंजाब में बीते दिनों हुई मौसम की हलचल के बाद अब गर्मी ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा और अगले सप्ताह तक अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल मौसम साफ रहने के कारण धूप तेज हो रही है, जिससे दिन के समय गर्मी का असर स्पष्ट रूप से महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 15 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। इसके बाद 16 और 17 अप्रैल को कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं ट्राइसिटी क्षेत्र—चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला—में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जो गर्मी की शुरुआत का संकेत दे रहा है।
अगर तापमान के आंकड़ों की बात करें तो राज्य के औसतन अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री की गिरावट आई है। इसका असर यह है कि दिन में गर्मी बढ़ रही है, जबकि रातें अभी भी हल्की ठंडी बनी हुई हैं।
पंजाब में बठिंडा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा पटियाला में 33 डिग्री, फरीदकोट में 32.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य शहरों में फिरोजपुर 31.8, लुधियाना 31.6, रूपनगर 31.7, चंडीगढ़ 31.9 और मोहाली 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
किसानों के लिए अहम सलाह:
विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि बढ़ते तापमान के बीच गेहूं की पकी फसल की कटाई की योजना बनाएं। हालांकि 16-17 अप्रैल को संभावित मौसम बदलाव को देखते हुए सतर्क रहना जरूरी है, ताकि किसी भी नुकसान से बचा जा सके।










