
पंजाब पुलिस को अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने बटाला पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरलव सिंह उर्फ लव रंधावा, निवासी बटाला, के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पिस्तौल, तीन मैगजीन और 16 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी का सीधा संबंध गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के नेटवर्क से है और वह विदेशी हैंडलर अमृत दालम के निर्देशों पर काम कर रहा था।
डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि लव रंधावा पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले से कई संगीन मामलों में जांच जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत सिविल लाइंस थाना बटाला में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स लगातार छापेमारी और खुफिया कार्रवाई कर रही है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।








