प्रताप चौक। इलाके में उस समय दहशत फैल गई जब पुरानी रंजिश के चलते करीब एक दर्जन युवकों ने 16 वर्षीय किशोर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे की रॉड और तेजधार हथियारों से वार किए। किशोर को बचाने पहुंचे उसके चाचा को भी नहीं छोड़ा गया।
पीड़ित विक्रमजीत वर्मा ने बताया कि उनके बेटे शौर्य वर्मा ने फोन कर मदद मांगी थी। उसने बताया कि कुछ लोग उसे घेरकर पीट रहे हैं। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा। वहां 10 से 12 युवक शौर्य को सड़क पर गिराकर मार रहे थे।
जब विकास वर्मा अपने भतीजे को बचाने आगे आए तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। परिजनों ने हाथ जोड़कर गुहार लगाई, लेकिन आरोपियों ने एक न सुनी। दोनों को गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आरोपी सफेद रंग की स्कॉर्पियो और एक अन्य कार में सवार होकर फरार हो गए। थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने पंकज युद्धवंशी, कुशल वर्मा, साहिब सिंग और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।









