इस समय की बड़ी ख़बर फगवाड़ा से आ रही है जालंधर स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 503 ग्राम हेरोइन और एक पिस्टल बरामद की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर फगवाड़ा के सतनामपुरा इलाके में की गई।
एसटीएफ जालंधर के एएसआई परमिंदर सिंह ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि एक्टिवा सवार एक युवक नशा तस्करी में सक्रिय है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्ध का पीछा किया। कुछ ही देर में सतनामपुरा क्षेत्र से युवक को काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में हेरोइन और एक पिस्टल बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनजोत सिंह उर्फ मोंटी, पुत्र मक्कन सिंह, निवासी गांव समराड़ी, जिला जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नशे की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इसमें कौन-कौन शामिल है।









