पंजाब के मोहाली जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास यात्रियों से भरी एक निजी बस ट्रक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
मनाली से दिल्ली जा रही थी प्राइवेट बस
जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुई निजी बस मनाली से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान जीरकपुर इलाके में ट्रक से टक्कर के बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे में करीब 15 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
बस पलटते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम भी मौके पर पहुंच गई। घायल यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में ट्रक से टक्कर के बाद बस के संतुलन बिगड़ने की बात सामने आ रही है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और हाईवे पर नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।








