पंजाब के तरनतारन जिले में पुलिस ने खुद को पंजाब पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बताकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस की वर्दी और फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल कर सुनसान इलाकों में नकली नाके लगाता था तथा राहगीरों को रोककर उन्हें किसी आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठता था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को निशाना बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान करनदीप सिंह के रूप में हुई
गिरफ्तार आरोपी की पहचान करनदीप सिंह, निवासी मुरादपुर, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने घर से सामान्य कपड़ों में निकलता था और जिस स्थान पर नकली नाका लगाना होता, वहां पहुंचकर पुलिस की वर्दी पहन लेता था। इसके बाद वह राहगीरों को रोककर खुद को सब-इंस्पेक्टर बताता और फर्जी कार्रवाई का डर दिखाकर उनसे पैसे वसूलता था।
वर्दी और फर्जी आईडी कार्ड बरामद
एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि आरोपी के कब्जे से पंजाब पुलिस की वर्दी और एक फर्जी पहचान पत्र बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह काफी समय से इसी तरीके से लोगों को अपना शिकार बना रहा था।
बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस अधिकारी बनकर संदिग्ध तरीके से पैसे मांगता है तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या पुलिस हेल्पलाइन पर दें।












