अमृतसर। पंजाब में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीमा पार से संचालित ड्रग्स और हथियार तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 किलोग्राम हेरोइन, पांच आधुनिक .30 बोर पिस्तौल और 5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिट्टू कुमार भैया, साहिब सिंह, संजीव नन्नू और संदीप सैनी के रूप में हुई है।
पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों से जुड़े थे आरोपी
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान में सक्रिय तस्करी नेटवर्क के हैंडलरों के सीधे संपर्क में थे। उनके निर्देश पर सीमा पार से भेजी गई हेरोइन और हथियारों की खेप को भारतीय सीमा से उठाकर पंजाब के अलग-अलग जिलों तक पहुंचाया जाता था।
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के लिए काम कर रहा था और पंजाब में नशे व अवैध हथियारों की सप्लाई चेन का अहम हिस्सा बना हुआ था।
नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों और सरगनाओं की पहचान की जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद हेरोइन और हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे तथा इनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कई पहलुओं पर आगे बढ़ रही है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।












