आम आदमी पार्टी (AAP) को मंगलवार को उस समय बड़ी मजबूती मिली जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले मशहूर कबड्डी खिलाड़ी किंदा बिहारीपुरिया सहित कई नामी खिलाड़ी, खेल हस्तियां और युवा नेता पार्टी में शामिल हो गए। कबड्डी जगत में ‘चीता’ के नाम से मशहूर किंदा बिहारीपुरिया ने आम आदमी पार्टी की जनहितैषी नीतियों और पंजाब सरकार के कार्यों पर भरोसा जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मण ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लगातार विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों का आम आदमी पार्टी से जुड़ना सरकार की नीतियों और पारदर्शी शासन में लोगों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
पार्टी में शामिल होने वालों में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी किंदा बिहारीपुरिया, जीता बादलगढ़, बब्बू झनेड़ी और सीमा घ्राचों प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा कबड्डी खिलाड़ी मलकीत सिंह और बरिंदर सिंह ने भी पार्टी का दामन थामा। खेल जगत की अन्य प्रमुख हस्तियों में प्रसिद्ध रेफरी सतगुर झनेड़ी, अंतरराष्ट्रीय कमेंटेटर कुलबीर टिम्बरवाल, यूथ लीडर अमरिंदर सिंह रोड़ियां, सतनाम सिंह विर्क, मनजोत सिंह और हरदीप सिंह भी शामिल रहे।
राजबीर सिंह घुम्मण ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार युवाओं, खिलाड़ियों और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रतिष्ठित खिलाड़ियों और सामाजिक नेताओं के पार्टी में शामिल होने से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी तथा सरकार की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
नए सदस्यों ने भी आम आदमी पार्टी की नीतियों और भगवंत मान सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, खेल और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने पंजाब के विकास और समाज की बेहतरी के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी व्यक्त किया।








