देश के सबसे महंगे टोल प्लाजा में शामिल लाडोवाल टोल प्लाजा पर सोमवार को संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के बैनर तले किसानों ने अमेरिका ट्रेड बिल और पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग नीति के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक टोल प्लाजा को टोल फ्री कर दिया, जिससे इस अवधि में गुजरने वाले वाहनों से कोई टोल शुल्क नहीं लिया गया।
सरकारों की नीतियों के खिलाफ जताया विरोध
धरना-प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने केंद्र सरकार और पंजाब सरकार पर किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि नई नीतियां खेती और किसानों के भविष्य पर प्रतिकूल असर डालेंगी।
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिका के साथ हुए ट्रेड समझौते को लागू कर किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव डाल रही है, जबकि पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग नीति भी किसानों की जमीन और अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।
‘मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा और तेज’
संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका ट्रेड बिल और लैंड पूलिंग नीति को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश का किसान पहले ही बढ़ते कर्ज और आर्थिक संकट से जूझ रहा है, ऐसे में सरकारों को राहत देने के बजाय ऐसी नीतियां लागू नहीं करनी चाहिए जो किसानों की चिंताएं बढ़ाएं।
तीन घंटे तक टोल रहा फ्री
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सरकारों तक अपनी आवाज पहुंचाने और विरोध दर्ज कराने के लिए लाडोवाल टोल प्लाजा को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक टोल फ्री रखा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में वाहन बिना टोल शुल्क दिए टोल प्लाजा से गुजरे।










