पंजाब ने स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए पहली से बारहवीं कक्षा तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को मुख्य विषय के रूप में शामिल करने वाला देश का पहला राज्य बनने का दावा किया है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की ‘सरबत.AI’ परियोजना के तहत यह पाठ्यक्रम चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, जिससे राज्य के 25,172 स्कूलों और करीब 31.5 लाख विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ पंजाब के स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में किया। कार्यक्रम में शिक्षा विशेषज्ञों, तकनीकी साझेदारों और स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
हर बच्चे तक पहुंचेगी AI शिक्षा
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि अब पंजाब के प्रत्येक PSEB स्कूल में AI मुख्य विषय के रूप में पढ़ाया जाएगा। उनका कहना है कि शहर और गांव के बच्चों को समान स्तर पर भविष्य की तकनीक से जोड़ना इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पंजाब हरित क्रांति के बाद अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्रांति का नेतृत्व करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
पहले चरण में 8वीं से 12वीं तक होगी शुरुआत
सरकार के अनुसार पहले चरण में कक्षा 8 से 12 तक AI को कंप्यूटर साइंस विषय के साथ जोड़ा जाएगा। विद्यार्थियों को ऑनलाइन लाइव कक्षाएं, रिकॉर्डेड लेक्चर, प्रोजेक्ट आधारित लर्निंग, निरंतर मूल्यांकन और लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में पहली से सातवीं कक्षा तक AI शिक्षा का विस्तार किया जाएगा।
विश्व स्तरीय मॉडल पर तैयार हुआ पाठ्यक्रम
शिक्षा मंत्री ने बताया कि नया पाठ्यक्रम सिंगापुर, फिनलैंड, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और अमेरिका जैसे देशों की शिक्षा प्रणालियों का अध्ययन करने के बाद तैयार किया गया है। इसे यूनेस्को के नैतिक AI ढांचे के अनुरूप विकसित किया गया है ताकि विद्यार्थी जिम्मेदार, सुरक्षित और नैतिक तरीके से AI का उपयोग करना सीख सकें।
12 हजार से अधिक शिक्षक होंगे प्रशिक्षित
सरकार के अनुसार इस योजना के पहले चरण में 12,424 कंप्यूटर साइंस शिक्षक इसकी जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, आने वाले समय में दो लाख से अधिक शिक्षकों को AI आधारित शिक्षण और मूल्यांकन के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
Google, Intel और Canva सहित कई कंपनियों का सहयोग
इस परियोजना के तकनीकी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी Neev AI को दी गई है। इसके अलावा Google, Intel, Canva और FA-AI जैसी संस्थाएं भी तकनीकी सहयोग प्रदान करेंगी ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक और व्यावहारिक AI शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
मनीष सिसोदिया बोले- पंजाब ने बनाया राष्ट्रीय मानदंड
कार्यक्रम में मौजूद दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब ने AI शिक्षा के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए पूरे देश के लिए एक नया मानदंड स्थापित किया है। उनके अनुसार यह पहल विद्यार्थियों को केवल AI का उपयोग करना ही नहीं, बल्कि उसके माध्यम से नवाचार और भविष्य की तकनीकी दुनिया का नेतृत्व करना भी सिखाएगी।
PSEB अध्यक्ष ने क्या कहा
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अमरपाल सिंह ने बताया कि AI को कंप्यूटर साइंस पाठ्यक्रम का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अब कंप्यूटर साइंस विषय का परिणाम भी विद्यार्थियों के बोर्ड प्रमाणपत्र पर दर्ज किया जाएगा।










