पंजाब में ऑनलाइन निवेश के नाम पर साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामले में दीनानगर की एक महिला से ‘स्पिरिट फॉर कॉइन’ (Spirit for Coin) नामक ऐप में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 30 लाख 82 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुनाफे का लालच देकर कराया निवेश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अमनदीप कौर, पत्नी तजिन्द्र सिंह, निवासी दीनानगर ने शिकायत दर्ज करवाई कि अज्ञात साइबर ठगों ने उन्हें एक निवेश ऐप के जरिए अधिक रिटर्न का लालच दिया। आरोपियों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनसे लाखों रुपये निवेश करवाए और बाद में संपर्क तोड़ दिया।
शिकायत के मुताबिक, पीड़िता से कुल 30,82,500 रुपये की राशि अलग-अलग किस्तों में ट्रांसफर करवाई गई। जब उन्हें अपने पैसे वापस नहीं मिले तो उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस से संपर्क किया।
जांच के बाद दर्ज हुआ केस
मामले की जांच के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस की लोगों से अपील
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान ऐप, वेबसाइट या सोशल मीडिया लिंक पर निवेश करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच-पड़ताल करें। केवल अधिकृत और विश्वसनीय प्लेटफॉर्म पर ही निवेश करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑफर के झांसे में न आएं।










