प्रधानमंत्री के प्रस्तावित पंजाब दौरे से ठीक पहले फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है। स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन के कुछ डिब्बों पर आपत्तिजनक नारे लिखे मिलने के बाद रेलवे पुलिस, स्थानीय पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दिल्ली जाने वाली ट्रेन के कुछ कोचों पर खालिस्तान समर्थक और प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लिखे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इसकी सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो को प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) से जुड़े गुरपतवंत सिंह पन्नू द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो में किए गए दावों और उसमें दिखाई गई सामग्री की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां सभी तथ्यों की पुष्टि करने में जुटी हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए फिरोजपुर और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पहले ही कड़ी कर दी गई थी। अब इस घटना के बाद रेलवे स्टेशन, यार्ड और आसपास के इलाकों में सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP), स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां स्टेशन परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि ट्रेन के डिब्बों पर नारे कब और किसने लिखे।
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है।










