अमरनाथ यात्रा के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है। रविवार को श्रीनगर स्थित यात्रा निवास के बाहर खड़ी एक बस में पंजाब के एक श्रद्धालु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान हिम्मत बट्टी (40) के रूप में हुई है, जिन्हें जोगा सिंह के नाम से भी जाना जाता था। वह पंजाब के निवासी थे और अमरनाथ यात्रा के लिए श्रीनगर पहुंचे थे।
बस के अंदर बेहोश मिले श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, साथी यात्रियों और यात्रा प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों ने हिम्मत बट्टी को बस के अंदर बेहोश अवस्था में देखा। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत के कारणों की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आवश्यक मेडिकल और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
फिलहाल अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी को नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें।










