पंजाब में चेतन शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सिख जत्थेबंदियों ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। रविवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने लुधियाना से जालंधर जाने वाले नेशनल हाईवे पर धरना देकर यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले करीब 25 दिनों से चेतन शर्मा की गिरफ्तारी की मांग लगातार उठा रहे हैं, लेकिन अब तक पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उनका आरोप है कि बार-बार मांग करने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
पहले टोल प्लाजा किया फ्री, अब हाईवे पर धरना
सिख जत्थेबंदियों ने बताया कि सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए पहले संबंधित टोल प्लाजा को फ्री कराया गया था। इसके बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए नेशनल हाईवे पर धरना शुरू किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक चेतन शर्मा की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और आने वाले दिनों में विरोध प्रदर्शन को और तेज किया जा सकता है।
पुलिस और प्रशासन अलर्ट
हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रास्ता खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।










