पंजाब के बटाला शहर में कुछ दिन पहले एक नामी कपड़ा व्यापारी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किए गए एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लग गई। आरोपी की पहचान बलदेव सिंह उर्फ करण के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल बटाला में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही दो आरोपियों बलदेव सिंह उर्फ करण और कुलदीप सिंह, निवासी गांव खजाला, को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान पुलिस बलदेव सिंह को अवैध हथियार की बरामदगी के लिए थाना घुमाण क्षेत्र में लेकर गई थी।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस का कहना है कि बरामदगी के दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी बटाला डॉ. महिताब सिंह, एसपी (इन्वेस्टिगेशन) रमणिंदर सिंह, डीएसपी सिटी सुखइंदर सिंह, डीएसपी श्री हरगोबिंदपुर, थाना सिविल लाइन के एसएचओ गुरमीत सिंह और सीआईए स्टाफ के प्रभारी सुखराज सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
जांच जारी
फिलहाल घायल आरोपी का इलाज चल रहा है। पुलिस मुठभेड़, अवैध हथियार की बरामदगी और व्यापारी के घर हुई फायरिंग के पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।










