अमृतसर। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (BSF) को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बीएसएफ की 117वीं बटालियन ने अजनाला क्षेत्र के गांव हरड़ खुर्द में एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीएसएफ को बीती रात एक विशेष खुफिया सूचना मिली थी, जिसके आधार पर 117वीं बटालियन ने थाना अजनाला (अमृतसर देहात) के अंतर्गत गांव हरड़ खुर्द में सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान एक संदिग्ध भारतीय नागरिक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया।
बरामद सामान में एक AK-47 राइफल, 25 पिस्तौल, 47 पिस्तौल मैगजीन, एक बुलेटप्रूफ जैकेट तथा 368 जिंदा कारतूस शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में हथियारों की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।
बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी फिलहाल 117वीं बटालियन की हिरासत में है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन हथियारों को किस उद्देश्य से एकत्र किया गया था तथा इसके पीछे कौन-सा संगठित नेटवर्क सक्रिय है।
अधिकारियों का मानना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान हथियार तस्करी और संभावित आतंकी नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। घटना के बाद बीएसएफ ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई हैं।









