पंजाब में आने वाले तीन दिनों के दौरान मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 28, 29 और 30 मई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, तेज तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक 28 और 29 मई को पंजाब के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और भारी बारिश की भी संभावना बनी हुई है।
विशेष रूप से पठानकोट, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) जिलों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज आंधी, बिजली चमकने और भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
इसके अलावा गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, बठिंडा, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि इन जिलों में मौसम अचानक खराब हो सकता है।
यदि आप आने वाले दिनों में यात्रा या किसी जरूरी काम से बाहर जाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले मौसम विभाग की अपडेट जरूर जांच लें। विभाग ने किसानों, वाहन चालकों और आम लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पंजाब में मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।








