पंजाब के खिलाड़ियों ने एक बार फिर देश और दुनिया में तिरंगे का गौरव बढ़ाया है। इसी उपलब्धि को सम्मान देने के लिए पंजाब सरकार ने राज्य के इतिहास के सबसे बड़े खेल सम्मान समारोह का आयोजन किया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 87 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया, जबकि विभिन्न खेलों में पदक जीतने वाले 1,070 खिलाड़ियों को कुल 32.05 करोड़ रुपये की इनामी राशि वितरित की गई।
चंडीगढ़ के सेक्टर-35 स्थित म्यूनिसिपल भवन में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने खिलाड़ियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने ओलंपिक और एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को 1-1 करोड़ रुपये की राशि देकर सम्मानित किया है। इसके अलावा 9 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां भी दी गई हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार 220 खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए 8.61 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई।
खेल बजट में बड़ा इजाफा
भगवंत मान ने घोषणा की कि वर्ष 2026-27 के लिए पंजाब सरकार ने खेल विभाग का रिकॉर्ड 1,763 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। वहीं गांवों में खेल प्रतिभा को निखारने के लिए 1,300 करोड़ रुपये की लागत से 3,148 ग्रामीण खेल मैदान बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब अब पहली बार एशियन चैंपियन ट्रॉफी की मेजबानी करेगा और पंजाब दिवस के मौके पर भारत-पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मुकाबला आयोजित किया जाएगा।
खिलाड़ियों को अब पहले मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पुरानी परंपरा बदल दी है, जिसमें खिलाड़ियों को जीत के बाद सम्मान दिया जाता था। अब खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट से पहले ही आर्थिक सहायता दी जा रही है ताकि वे बेहतर तैयारी कर सकें।
इसके लिए पंजाब स्पोर्ट्स पोर्टल की शुरुआत भी की गई है, जिसके जरिए खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल उपकरण और कॉर्पोरेट स्पॉन्सरशिप जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
खिलाड़ियों और परिवारों का सम्मान
समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल, अमनजोत कौर समेत कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा हॉकी, शूटिंग, एथलेटिक्स, पैरा स्पोर्ट्स और अन्य खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मान मिला।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने खिलाड़ियों के परिवारों को भी विशेष रूप से धन्यवाद दिया और कहा कि माता-पिता का त्याग और समर्थन ही खिलाड़ियों को चैंपियन बनाता है।
युवा भवन का शिलान्यास
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ के सेक्टर-42 में 43.66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक युवा भवन का वर्चुअल शिलान्यास भी किया। इसमें छात्रावास, ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस हॉल और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।









