अमृतसर स्थित गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन लंगर हॉल की छत गिरने से सेवा कर रही 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद गुरुद्वारा परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, लंगर हॉल का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान छत में लगी लोहे की भारी प्लेटें अचानक टूटकर नीचे गिर गईं, जिसकी चपेट में वहां सेवा कर रही महिलाएं आ गईं। हादसा इतना भयावह था कि दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घायलों को तुरंत श्री गुरु रामदास अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही अमृतसर की एसपी अमनदीप कौर अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
सिविल डिफेंस के इंचार्ज के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब बाबा भूरी वाले का लंगर चल रहा था और बड़ी संख्या में संगत मौजूद थी। अजनाला की एक घायल महिला ने बताया कि वह माथा टेकने के लिए लाइन में खड़ी थी, तभी अचानक छत भरभराकर गिर गई। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और टांके लगाने पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संगत और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।









