पंजाब के लुधियाना में गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। समाजसेवियों और पुलिस की सतर्कता के चलते गोमांस तस्करी करने वाले एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया। लाडोवाल टोल प्लाजा के पास एक महिंद्रा जीप से करीब 17 क्विंटल गोमांस बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य सप्लायर अभी फरार बताए जा रहे हैं।
अमृतसर से यूपी ले जाई जा रही थी खेप
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर पंजाब से उत्तर प्रदेश की ओर अवैध रूप से गोमांस की बड़ी खेप लेकर जा रहे हैं। सूचना के बाद गुरप्रीत सिंह और उनके साथी दर्शन सिंह ने लाडोवाल टोल प्लाजा पर निगरानी शुरू की।
इसी दौरान अमृतसर की तरफ से आ रही महिंद्रा जीप (UP-11-CT-0682) को शक के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में भारी मात्रा में गोमांस बरामद हुआ।
पूछताछ में हुए बड़े खुलासे
गाड़ी में सवार विक्की कुमार और हुसैन को मौके पर काबू कर पूछताछ की गई। आरोपियों ने खुलासा किया कि गोवंश का कत्ल अमृतसर में करवाया गया था और वहां से गोमांस की खेप उत्तर प्रदेश भेजी जा रही थी।
आरोपियों ने बताया कि अमृतसर निवासी सुहैल और समीर ने गोमांस गाड़ी में लोड करवाया था, जिसे यूपी में मोहम्मद आसिम और केसर तक पहुंचाना था। सूचना मिलते ही लाडोवाल पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे माल को कब्जे में लेकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सहारनपुर और अमृतसर से जुड़े नेटवर्क के तार
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार पंजाब के अमृतसर और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने जिन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है:
- सुहैल निवासी गांव नासरके, जिला अमृतसर
- समीर निवासी जिला अमृतसर
- मोहम्मद आसिम निवासी गांव जुड्डी, जिला सहारनपुर (यूपी)
- विक्की कुमार निवासी गांव जुड्डी, जिला सहारनपुर (यूपी)
- हुसैन निवासी गांव जुड्डी, जिला सहारनपुर (यूपी)
- केसर निवासी गांव जुड्डी, जिला सहारनपुर (यूपी)
फरार आरोपियों की तलाश में दबिश
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह नेटवर्क पंजाब में कब से सक्रिय था और इसके तार किन-किन जिलों तक फैले हुए हैं।







