लुधियाना में एक सनसनीखेज अपहरण का मामला सामने आया है। शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर 29 वर्षीय युवती का कथित तौर पर पिस्तौल की नोक पर अपहरण कर लिया। आरोपी युवती को उसकी कार समेत अगवा कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
राशन लेने निकली थी युवती, देर रात तक नहीं लौटी
पीड़ित परिवार के मुताबिक, यशविंदर कौर (29) बीती 13 मई की रात करीब 8:30 बजे अपनी फोर्ड फिगो कार (PB-23-K-2735) में बाजार से राशन और अन्य सामान लेने गई थी। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
युवती के भाई जोगिंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि जांच के दौरान उन्हें पता चला कि उसकी बहन की दोस्ती सुखविंदर सिंह नाम के युवक के साथ थी, जो उससे शादी करना चाहता था।
शादी से इंकार के बाद रची साजिश
परिजनों के अनुसार, यशविंदर कौर ने शादी के प्रस्ताव को साफ तौर पर ठुकरा दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
आरोप है कि आरोपी ने बाजार से लौट रही युवती को रास्ते में घेर लिया और हथियार के बल पर उसे कार समेत अगवा कर लिया। परिवार ने युवती की जान को खतरा बताया है।
मोगा के आरोपियों पर केस दर्ज
थाना जमालपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र प्रीतम सिंह और कर्मजीत सिंह पुत्र बलवीर सिंह निवासी गांव भलूर, जिला मोगा समेत कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने अपहरण और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटीं
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती की सुरक्षित बरामदगी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।







