भरवाई-होशियारपुर सड़क मार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे से जुड़ी बड़ी अपडेट सामने आई है। इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक रजनीश के साथ कार में एक युवती भी सवार थी, जिसकी पहचान को लेकर बना रहस्य अब लगभग सुलझ गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद कार खाई में गिर गई थी, जिससे वाहन में आग लग गई और उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से झुलस गए। शुरुआती जांच में पुलिस ने एक शव की पहचान रजनीश के रूप में कर ली थी, जबकि दूसरा शव बुरी तरह जलने के कारण पहचान से परे था।
पुलिस जांच और फोरेंसिक प्रक्रिया के बाद सामने आया है कि दूसरा शव कांगड़ा जिले के लंज क्षेत्र की एक युवती का था। हालांकि अंतिम पुष्टि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें साफ देखा गया कि रजनीश के साथ एक युवती कार में सवार थी। यही फुटेज जांच में अहम कड़ी साबित हुई। इसके बाद पुलिस ने लंज क्षेत्र में दर्ज एक गुमशुदगी रिपोर्ट को इस केस से जोड़ा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवती के शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अभी भी जारी है।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती और रजनीश के बीच क्या संबंध था और दोनों किस परिस्थिति में एक साथ यात्रा कर रहे थे। यह भी जांच का विषय बना हुआ है कि हादसा किस कारण हुआ।








