
होशियारपुर: जिले के भवानी नगर इलाके से देर रात बड़ी आगजनी की खबर सामने आई। यहां स्थित एक रोज़िन (बरोजा) फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठती ऊंची लपटों ने इलाके में दहशत फैला दी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की। देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।








