
11 फरवरी को बठिंडा जिले के गांव बहमन दीवाना के पास लाल रंग के सूटकेस में मिली युवती की लाश की पहचान हो गई है। पुलिस के अनुसार मृतका मोगा जिले के बाघा पुराना की रहने वाली मल्लिका है। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय से बठिंडा में रह रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मल्लिका बठिंडा में किसी दोस्त के साथ रहती थी। हालांकि उस व्यक्ति की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। जांच अधिकारी इस दोस्त को मामले का अहम सुराग मान रहे हैं।
घटना के दिन एक खाली जगह पर लाल सूटकेस पड़ा मिला था। जब पुलिस ने उसे खोला तो करीब 20 साल की युवती का शव मिला। शरीर पर ‘काकू’ नाम का टैटू बना था, जिससे पहचान में मदद मिली।
मौके पर फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए और शव को सिविल अस्पताल बठिंडा भेजा गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।








