
पंजाब में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है और इसी के मद्देनज़र भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 से 24 दिसंबर 2025 तक के लिए जिलेवार मौसम चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों में राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, खासकर कोहरे और शीतलहर को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 20 दिसंबर को पंजाब के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि राज्य के कुछ दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है। 21 दिसंबर को पूरे पंजाब में मौसम साफ रहने की उम्मीद है और किसी भी जिले के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसी तरह 22 दिसंबर को भी राज्यभर में मौसम सामान्य बना रहेगा।
हालांकि 23 दिसंबर से मौसम का मिजाज बदल सकता है। इस दिन पंजाब के कई जिलों में घने कोहरे के साथ शीतलहर चलने की संभावना है। IMD ने इस दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और चेताया है कि सुबह के समय विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है।
24 दिसंबर को हालात और गंभीर हो सकते हैं। मौसम विभाग ने राज्य के ज्यादातर जिलों में बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी है। खासकर तड़के सुबह और रात के समय सड़क व रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। पंजाब के लोगों को सलाह दी गई है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, गैर-जरूरी यात्रा से बचें और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।








