पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना के व्यस्त सर्राफा बाजार से करोड़ों रुपये के सोने की कथित ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ज्वेलरी कारोबार में साझेदारी और भारी मुनाफे का लालच देकर एक कारोबारी से करीब 2 किलो सोना ले लिया गया और बाद में उसे रिश्तेदारों को उधार पर बेचकर उसकी पूरी रकम हड़प ली गई।
शिकायत मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-1 पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद आरोपी जतिंदरपाल और उसके बेटे राहुल के खिलाफ धोखाधड़ी तथा अमानत में खयानत सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ऐसे दिया गया धोखाधड़ी को अंजाम
पुलिस को दी शिकायत में नवनीत कुमार ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि दोनों मिलकर सर्राफा बाजार में ‘आर.एन. ज्वेलर्स’ के नाम से बड़ा कारोबार करेंगे, जिससे अच्छा मुनाफा होगा। विश्वास में आकर उन्होंने साझेदारी स्वीकार कर ली।
शिकायत के अनुसार कारोबार शुरू करने के लिए नवनीत कुमार ने आरोपियों को करीब 2 किलो शुद्ध सोना उपलब्ध कराया। आरोप है कि सोना मिलने के बाद दोनों ने पूर्व नियोजित तरीके से उसे अपने रिश्तेदारों और परिचितों को उधार पर बेच दिया।
पेमेंट मांगने पर टालमटोल
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने कारोबार का हिसाब और सोने की बिक्री की रकम मांगी तो आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे। उनका कहना है कि सोने की बिक्री से प्राप्त राशि दोनों आरोपियों ने आपस में बांट ली और उन्हें एक भी रुपया नहीं दिया।
काफी प्रयासों के बाद भी रकम वापस न मिलने पर नवनीत कुमार ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के बाद दर्ज हुआ केस
पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध तथ्यों की जांच के बाद पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस आर्थिक लेन-देन से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।










