
नकोदर पुलिस ने मंगलवार सुबह त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोल्डी बराड़ और रोहित गोधरा गिरोह से जुड़े दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नकोदर के एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और उसके दफ्तर पर फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे थे।
एसएसपी हरविंदर सिंह विरक ने बताया कि शिकायतकर्ता मनीष बख्शी उर्फ मन्नू नकोदर में ट्रैवल कंपनी और आईलेट्स सेंटर चलाते हैं। उन्हें विदेशी नंबरों से लगातार धमकियां मिल रही थीं। फिरौती न देने पर आरोपियों ने उनके कार्यालय के बाहर गोलियां चलाईं। इसके बाद थाना सिटी नकोदर में एफआईआर दर्ज की गई।
4 फरवरी की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नूरमहल रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी अंकित कुमार उर्फ अंकित घायल हुआ, जबकि दूसरे आरोपी हरिंदर गुप्ता उर्फ हरिंदर की टांग टूट गई। दोनों को काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों से एक .30 बोर पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ पहले से फिरौती और फायरिंग के मामले दर्ज हैं। पुलिस आगे की जांच कर रही है।







