रोपड़ (पंजाब): शहर के प्रसिद्ध कृष्ण मंदिर में शुक्रवार सुबह अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मंदिर परिसर में रखे गैस सिलेंडर में आग लग गई। घटना के दौरान मंदिर में चल रहे धार्मिक कार्यक्रम के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिससे कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से मंदिर में धार्मिक आयोजन चल रहा था, जिसमें भोजन व्यवस्था के लिए हलवाई काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सिलेंडर के पाइप में आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग तेज हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर होती नजर आई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पास में ही दो अन्य सिलेंडर भी रखे थे, जिससे खतरा और बढ़ सकता था, लेकिन समय रहते आग बुझा ली गई और एक बड़ा हादसा टल गया।









