भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को गुरुवार तड़के बड़ी राहत मिली। जेठ महीने की शुरुआत के बीच पंजाब के कई जिलों में हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और गर्म हवाओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रखा था।
कई इलाकों में 46 डिग्री तक पहुंचा तापमान
जानकारी के अनुसार बीते करीब एक सप्ताह से लगातार बढ़ रही गर्मी के चलते तापमान में भारी उछाल देखने को मिला। कई इलाकों में पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। भीषण गर्मी के कारण दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा था और लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था।
मौसम विभाग ने पहले ही 22 मई को बारिश की संभावना जताई थी। विभाग का अनुमान सही साबित हुआ और सुबह हुई हल्की बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि यह राहत फिलहाल आंशिक ही है।
गर्मी को लेकर जारी था येलो अलर्ट
लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने पहले ही येलो अलर्ट जारी कर दिया था। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को लू और तेज गर्मी से बचने के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी थी।
बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी
उधर, बढ़ती गर्मी के चलते बिजली की मांग में भी भारी इजाफा देखने को मिला। अधिक लोड के कारण कई इलाकों में लंबे बिजली कट लगाए जा रहे हैं। दिन-रात हो रही कटौती से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।








