शहर में बीती देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक ऑटो चालक को गोलियों से भून डाला। घायल चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कुलदीप सिंह निवासी सुखचैन नगर, फगवाड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात कुलदीप अपने ऑटो में जा रहा था, तभी अज्ञात बदमाशों ने उस पर गोलियां दाग दीं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सिविल अस्पताल, फगवाड़ा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगालनी शुरू कर दी हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, “जांच के बाद ही साफ होगा कि यह वारदात आपसी रंजिश का नतीजा है या किसी अन्य कारण से की गई।”









