पंजाब के अमृतसर जिले के पट्टी क्षेत्र में बड़ी वारदात सामने आई है। गार्डन कॉलोनी में एक युवक ने शादीशुदा महिला को गोली मार दी। घायल महिला की पहचान रूबी मेहरा पत्नी अंश ग्रोवर, निवासी वार्ड नंबर-17 पट्टी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रूबी मेहरा अपने पति के साथ दवाई लेकर घर लौट रही थी। जैसे ही दोनों घर के पास पहुंचे, एक्टिवा पर सवार एक युवक वहां आया। उसने पहले रूबी के पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब रूबी ने अपने पति को छुड़ाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे धक्का दिया और अचानक गोली चला दी।
गोली रूबी के सिर में लगी। वह मौके पर ही गिर पड़ी। परिवार के लोग उसे तुरंत सिविल अस्पताल पट्टी लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अमृतसर रेफर कर दिया।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। सिटी पट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इलाके में दहशत का माहौल है।









