पंजाब के नंगल और आसपास के इलाके के लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। नई दिल्ली से अंब अंदौरा के बीच चलने वाली हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22447/22448) का ठहराव अब नंगल डैम रेलवे स्टेशन पर भी होगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा को पत्र लिखकर इस बात की आधिकारिक मंजूरी दे दी है।
लंबे समय से उठ रही थी मांग, डॉ. सुभाष शर्मा के प्रयासों को मिली सफलता
इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा पंजाब के उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने बताया कि वह काफी लंबे समय से इलाके के लोगों की इस प्रमुख मांग को केंद्र सरकार के समक्ष उठा रहे थे। दरअसल, यह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पानी भरने के लिए नंगल डैम स्टेशन पर रुकती तो थी, लेकिन यहां यात्रियों के चढ़ने और उतरने के लिए कोई स्टॉपेज (ठहराव) नहीं था।
डॉ. शर्मा ने इस मामले को लेकर खुद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी और पत्र लिखकर नंगल के लोगों की भावनाओं से अवगत कराया था। रेल मंत्री ने उनकी इस जायज मांग को स्वीकार करते हुए नंगल डैम स्टेशन पर स्टॉपेज की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
“उत्तरी भारत का सबसे बड़ा भाखड़ा डैम, एन.एफ.एल (NFL) कारखाना, कई बड़े उद्योग और प्रसिद्ध धार्मिक स्थल होने के कारण नंगल डैम रेलवे स्टेशन का बहुत बड़ा महत्व है। अब तक यहां स्टॉपेज न होने से लोगों को वंदे भारत पकड़ने के लिए ऊना या श्री आनंदपुर साहिब जाना पड़ता था, जिससे भारी परेशानी होती थी।” — डॉ. सुभाष शर्मा, उपाध्यक्ष, पंजाब भाजपा
जल्द शुरू होगी बुकिंग, यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
रेल मंत्रालय की मंजूरी के बाद अब बहुत जल्द यह ट्रेन नंगल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए रुकने लगेगी, जिससे पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए मंडल भाजपा अध्यक्ष हरमनजीत सिंह प्रिंस ने इलाके की जनता की तरफ से पंजाब भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का विशेष आभार व्यक्त किया है।










