जालंधर। पंजाब के जालंधर से बड़ी खबर सामने आई है। शहर के चर्चित वरदान अस्पताल फायरिंग कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद कथित शूटर को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर बिछाया गया जाल
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ को आरोपी की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान बाइक पर सवार संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा।
कुछ दूरी पर उसकी बाइक फिसल गई। आरोप है कि इसके बाद उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
लक्की पटियाल गैंग से जुड़ा है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोध सिंह उर्फ जोधा, निवासी शाहकोट के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह लक्की पटियाल गैंग से जुड़ा हुआ है और मोहाली तथा मोगा पुलिस का वांछित आरोपी भी है।
सीसीटीवी और हथियार से हुई पहचान
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी ने 28 फरवरी को जालंधर के मोता सिंह नगर स्थित वरदान अस्पताल के बाहर हुई फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, बरामद हेलमेट और आरोपी के कब्जे से मिले हथियार के आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि हुई है।
विदेश में बैठे गैंग नेटवर्क की भी जांच
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य साथियों और विदेश में बैठे गैंग से जुड़े लोगों के बारे में भी अहम जानकारी दी है। फिलहाल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्वस्थ होने के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी ताकि पूरे गैंग नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
क्या था पूरा मामला?
गौरतलब है कि 28 फरवरी को मोता सिंह नगर स्थित वरदान अस्पताल के बाहर एक बाइक सवार हमलावर ने कुछ ही सेकंड में कई राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। अब पुलिस का दावा है कि उसी सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।










