
शहर में युवक की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जालंधर बाइपास के नजदीक सेक्रेड हार्ट स्कूल के पास एक खाली प्लॉट से युवक का टुकड़ों में शव मिलने के मामले में पुलिस ने एक पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। यह इलाका थाना सलेम टाबरी के अधीन आता है। मृतक युवक की पहचान दविंदर के रूप में हुई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों को शुक्रवार सुबह अमृतसर से काबू किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच नशे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दविंदर नशे का विरोध करता था, जबकि आरोपी पति-पत्नी खुद नशे के आदी थे, जिस कारण दोनों पक्षों में अक्सर झगड़ा होता रहता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने दविंदर की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसके शव के टुकड़े कर खाली प्लॉट में फेंक दिए थे। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाकर शव के विभिन्न हिस्से बरामद किए थे। इससे पहले पुलिस ने पूछताछ के लिए छह लोगों को हिरासत में भी लिया था।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी शेरा और उसकी पत्नी से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस जल्द ही इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर सकती है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा।








