अमेरिका में ‘केटामाइन क्वीन’ के नाम से चर्चित पंजाबी मूल की जसवीन संघा को ड्रग तस्करी और हॉलीवुड अभिनेता मैथ्यू पेरी की मौत से जुड़े मामले में 15 साल की सजा सुनाई गई है। लॉस एंजेलिस की फेडरल कोर्ट ने 8 अप्रैल को यह फैसला सुनाया।
जज शेरिलिन पीस गार्नेट ने कहा कि जसवीन संघा लंबे समय से हाई-प्रोफाइल ग्राहकों को केटामाइन जैसी खतरनाक ड्रग्स सप्लाई कर रही थी और इसी के जरिए वह लग्जरी जिंदगी जी रही थी। जांच में सामने आया कि संघा ने खुद कबूल किया था कि उसने मैथ्यू पेरी को केटामाइन बेची थी, जिसकी ओवरडोज से उनकी मौत हुई।
जसवीन संघा का संबंध पंजाब के जालंधर के पास फिल्लौर से बताया जा रहा है। उसका जन्म लंदन में हुआ और बाद में उसका परिवार अमेरिका के कैलिफोर्निया में बस गया। वह ब्रिटेन और अमेरिका की ड्यूल सिटीजन है।
संघा के ग्राहक हॉलीवुड के कई बड़े नाम थे। वह सोशल मीडिया पर खुद को आर्ट क्यूरेटर और लग्जरी लाइफस्टाइल वाली महिला के रूप में पेश करती थी।
इससे पहले भी वह कई बार ड्रग मामलों में गिरफ्तार हो चुकी थी। सितंबर 2025 में उसने अपना गुनाह कबूल किया था। अदालत ने उसे ड्रग सप्लाई और पेरी की मौत के लिए जिम्मेदार मानते हुए सख्त सजा सुनाई।









