
जालंधर: जालंधर से जंडूसिंघा जाने वाली सड़क पर दर्दनाक हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। निर्माणाधीन पुल के लिए खोदे गए करीब 20 फुट गहरे गड्ढे में देर रात लगभग 11:30 बजे बाइक गिर गई। युवक कई घंटों तक गड्ढे में तड़पता रहा और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सुबह पास की दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार ने गड्ढे में बाइक देखी। पूछताछ करने पर पता चला कि रात में गिरने की आवाज सुनाई दी थी, लेकिन किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। दोबारा देखने पर अंदर युवक का शव मिला। उसकी आंख लोहे की रॉड से गंभीर रूप से जख्मी थी। युवक ने ईयरफोन लगाए हुए थे, जबकि उसका मोबाइल फोन और बटुआ गायब मिला, जिससे लूट की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल भिजवाया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थानों को सूचना दे दी गई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर न तो पर्याप्त रोशनी थी और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे। केवल नाममात्र का बैरीकेड लगाया गया था। अंधेरे में गड्ढा नजर न आने से तेज रफ्तार बाइक सीधे उसमें जा गिरी।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मोबाइल और पर्स किसने गायब किए और हादसे के पीछे लापरवाही की क्या भूमिका रही।








